रामगढ़ : पंजाब रेजिमेंटल सेंटर, रामगढ़ के तत्वावधान में सोमवार को ‘अपनी सेना को जानें’ अभियान के तहत मेला का आयोजन रामगढ़ फुटबॉल मैदान में किया गया. कार्यक्रम के दौरान सेना के विभिन्न हथियारों की प्रदर्शनी लगायी गयी. इस अवसर पर पीआरसी व एसआरसी के बैंड दल ने मधुर धुनों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. धुन के साथ परेड भी की गयी.
सेना के जवानों ने कंटून्यूटी ड्रिल का प्रदर्शन भी किया. सेना के प्रदर्शन के दौरान फुटबॉल मैदान में बड़ी संख्या में आम लोगों ने पहुंच कर सेना के प्रदर्शन व हथियारों की प्रदर्शनी देखी. हथियार प्रदर्शनी को लेकर लोगों में रोमांच व उत्साह दिखने को मिला. आर्मी पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ समेत कई स्कूल के बच्चों ने भी प्रदर्शनी का आनंद लिया. मौके पर पंजाब रेजिमेंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर संजीव सोनी, छावनी परिषद के सीइओ सपन कुमार समेत रामगढ़ के गण्यमान्य लोग मौजूद थे.
