दुनिया चले न श्रीराम के बिना...

रामनवमी के दिन हनुमान मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ शहर व आसपास के इलाके महावीरी पताकों से पटा पड़ा है. जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा. रामभक्तों ने जुलूस में शस्त्रों का प्रदर्शन भी िकया. रामगढ़ : रामनवमी पर रामगढ़ व इसके सटे क्षेत्रों में अवस्थित बजरंगबली मंदिर में शुक्रवार को […]

रामनवमी के दिन हनुमान मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
शहर व आसपास के इलाके महावीरी पताकों से पटा पड़ा है. जय श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा. रामभक्तों ने जुलूस में शस्त्रों का प्रदर्शन भी िकया.
रामगढ़ : रामनवमी पर रामगढ़ व इसके सटे क्षेत्रों में अवस्थित बजरंगबली मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना को उमड़ पड़ी. बजरंगबली मंदिरों में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइन पूजा-अर्चना के लिए लग गयी थी. सुबह से ही मंदिरों में भजन बजने प्रारंभ हो गये थे.
पूरा शहर प्रभु श्रीराम व भक्त हनुमान मय हो गया. मंदिरों में पूजन के बाद महावीरी झंडे स्थापित किये गये. साथ ही लोगों ने घरों पर भी महावीरी झंडे लगाये. मंदिरों के बाहर मेले का दृश्य था. मंदिरों के बाहर प्रसाद व पूजन सामग्रियों की दुकानें लगायी गयी थी.
मंदिरों से दुनिया चले ना श्रीराम के बिना-श्री राम जी चले ना हनुमान के बिना, तेरे जैसा राम भक्त न हुआ न होगा दोबारा, श्रीराम जी की निकली सवारी समेत हनुमान चालीसा आदि भजन पूरे दिन बजते रहे. शहर के प्राचीन महावीर मंदिर, गांधी चौक स्थित संकट मोचन मंदिर, लोहार टोला स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर, सुभाष चौक स्थित हनुमान मंदिर, नये व पुराने बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर, शिवाजी चौक स्थित हनुमान मंदिर, किला मंदिर स्थित हनुमान लला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही.
चौकस रहे अधिकारी : रामनवमी में सुरक्षा को लेकर जिला के आला अधिकारी चौकस रहे. शाम पांच बजे के करीब उपायुक्त ए दोड्डे, एसपी डाॅ एम तमिलवाणन अन्य अधिकारियों के साथ सड़क पर उतर पड़े. सुरक्षा के दृष्टिकोण से हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा ड्रोन मंगवाया गया था. भीड़-भाड़ वाले जगहों पर ड्रोन के माध्यम से नजर रखा जा रहा था.
रामगढ़ शहर व इसके निकटवर्ती क्षेत्रों में रामनवमी का पर्व धूम-धाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. शहर में विभिन्न अखाड़ों व मंदिरों द्वारा स्थायी व चलंत झांकी का निर्माण किया गया था.
इन झांकियों को देखने के लिए रामगढ़ शहर व इसके निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोग काफी संख्या में विभिन्न झांकी स्थलों पर पहुंचे. रामगढ़ शहर के गोला रोड स्थित प्राचीन महावीर मंदिर द्वारा, गांधी चौक पर संकट मोचन मंदिर द्वारा, शिवाजी रोड स्थित में किला मंदिर, शिवाजी चौक पर बजरंगबली मंदिर द्वारा, लोहार टोला में पंचमुखी हनुमान मंदिर द्वारा स्थाई झांकी का निर्माण किया गया है. इसके अलावा नयीसराय, गोला रोड स्थित गोसांई टोला व श्री सत्यानारायण मंदिर के समक्ष भी स्थायी झांकी का निर्माण किया गया है. साथ ही कई स्थानों से वाहनों पर चलंत झांकी निकाली गयी है.
इन झांकियों में धार्मिक कथाओं पर आधारित शो दिखाया जा रहा है. रामगढ़ के गोसाईं टोला की झांकी का गुरुवार शाम गोमिया विधायक योगेंद्र महतो ने उदघाटन किया. गोसाई टोला में शिव तांडव, किला मंदिर की झांकी राजा भागीरथ द्वारा गंगा को धरती पर लाने की कथा पर आधारित झांकी, प्राचीन महावीर मंदिर की झांकी में राक्षस कालनेमी वध की झांकी, गांधी चौक पर रावण वध की झांकी दिखायी जा रही है.
वाहनों पर बनाये गये चलंत झांकी देर रात तक पूरे शहर का भ्रमण करती नजर आयी. झांकी स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किये गये थे. देर रात तक लोगों ने झांकियों का अवलोकन किया. विभिन्न झांकी स्थल पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गयी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >