मांडू : दूधी नदी के पास मेसर्स चिंतपुरणी स्पंज फैक्टरी में शुक्रवार की रात 1.30 बजे कनवेयर बेल्ट की चपेट में आने से मजदूर मनोज कुमार महतो (26) की मौत हो गयी. वह दासोखाप जमुआ टोला का निवासी था.
फैक्टरी में आयरन ग्राउंड होपर आठ नंबर कनवेयर बेल्ट में मेकेनिकल हेल्पर था़ घटना के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांडू लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शनिवार की सुबह फैक्टरी में ग्रामीण व पंचायत प्रतिनिधियों की भीड़ लग गयी. वे लोग फैक्टरी प्रबंधन से मृतक के आश्रितों को मुआवजा व नौकरी देने की मांग को लेकर धरना पर बैठ गये. मौके पर मुखिया परमेश्वर महतो, दशरथ महतो, रामदुलार साव, सुदामा प्रजापति, बालकुमार महतो, मुरारी सिंह, रामेश्वर साव, रामप्रसाद साव, नारायण साव समेत कई ग्रामीण व मजदूर मौजूद थे
वार्ता के बाद उठा शव
फैक्टरी परिसर में पंचायत प्रतिनिधि व फैक्टरी प्रबंधन के बीच शनिवार सुबह करीब आठ बजे द्विपक्षीय वार्ता हुई. वार्ता में मृतक के आश्रित को आठ लाख नकद, 15 माह तक पांच हजार रुपये व दाह संस्कार के लिए 60 हजार रुपये देने पर सहमति बनी. इसके पश्चात मनोज का शव फैक्टरी से उठाया गया.
