उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण, ली जानकारी रामगढ़. उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को जिला समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली, उपस्थिति, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई व आमजनों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया. उपायुक्त ने गोपनीय कार्यालय, नजारत, एनआइसी, विधि शाखा, स्थापना शाखा, सामान्य शाखा, कोषागार कार्यालय, जन शिकायत कोषांग, अपर समाहर्ता कार्यालय, जिला भू -अर्जन कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, अवर निबंधन कार्यालय, जिला कल्याण कार्यालय, जिला पंचायती राज कार्यालय व जिला समाज कल्याण कार्यालय का निरीक्षण किया. उन्होंने पदाधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति का अवलोकन करते हुए समय का पालन सुनिश्चित करने को कहा. लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन एवं अनावश्यक विलंब से बचने को कहा. उपायुक्त ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर जोर देते हुए फाइलों के उचित रख-रखाव व अद्यतन अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने काे कहा. जन शिकायत कोषांग में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने साफ-सफाई बनाने, सुगम कार्य वातावरण सुनिश्चित करने व आमजनों के साथ विनम्र व सहयोगात्मक व्यवहार करने काे कहा. इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रवींद्र कुमार गुप्ता, नजारत उप समाहर्ता संजीत कुमार उपस्थित थे.
पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ कार्य करें : उपायुक्त
पारदर्शिता व जवाबदेही के साथ कार्य करें : उपायुक्त
