23 मार्च को कुजू में सड़क दुर्घटना में एक विवाहिता की मौत हो गयी. दूसरी घटना 24 मार्च को आरा कांटा के समीप घटी, िजसमें तीन लोग घायल हो गये.
कुजू : कुजू ओपी क्षेत्र के दिगवार बाइपास सड़क पर 23 मार्च की दोपहर एक अज्ञात ऑल्टो कार की चपेट में आने से एक विवाहिता की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना की सूचना पाकर आक्रोशित ग्रामीणों ने कोरियाघाटी स्थित शहीद निर्मल महतो चौक तथा दिगवार रेलवे ओवरब्रिज बाइपास के पास करीब तीन घंटे तक सड़क को जाम कर दिया. मौके पर पुलिस जवानों के साथ पहुंचे कुजू ओपी प्रभारी बालकृष्ण भगत ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. बाद में मांडू सीआइ विजय गोप द्वारा तत्काल 10 हजार रुपये नकद राशि दिये जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. बोंगवार बंधिया निवासी गोपाल महतो की विवाहिता पुत्री आशा देवी (21 वर्ष) अपने पति राजू महतो के साथ अपने मायके से ससुराल कांके रांची जाने के लिए निकली थी.
रोड पार करने के क्रम में एक अज्ञात ऑल्टो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. पुलिस ने शव का अंत्यपरीक्षण करा कर परिजनों को सौंप दिया. वहीं 24 मार्च की रात आरा कांटा के समीप न्यू पैसन प्रो व सीबीजेड संख्या जेएच02एस-1726 मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन लोग घायल हो गये. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया.
