मोहन महतो ने महेश प्रसाद को 504 मतों से पराजित कर बने अध्यक्ष
कैलाश गोप ने त्रिलोकी को 564 मतों से हराया कोषाध्यक्ष बने
घाटोटांड़ : राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की वेस्ट बोकारो शाखा के सांगठनिक चुनाव में मोहन महतो एवं निरंकुश मिश्रा ग्रुप को सफलता मिली. इस ग्रुप के सभी 10 प्रत्याशी विजयी हुए हैं. सोमवार की सुबह सात बजे चुनाव पदाधिकारी महेंद्र कुमार विश्वकर्मा एवं योगेंद्र सिंह ने परिणाम की घोषणा करते हुए विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिया.
इस चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मोहन महतो ने महेश प्रसाद को 504 मतों से पराजित कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए. मोहन महतो को 1757 मत आैर महेश प्रसाद को 1253 मत प्राप्त हुए. सचिव पद के मोहन महतो ग्रुप के उम्मीदवार निरंकुश मिश्रा ने सिंह ग्रुप के शंभु शरण प्रसाद सिंह को 496 मतों से पराजित किया. निरंकुश मिश्रा को 1761 मत आैर शंभु शरण प्रसाद सिंह को 1265 मत मिले. मोहन महतो गुट के ही कैलाश गोप ने सिंह ग्रुप के त्रिलोकी सिंह यादव को 564 मतों से पराजित कर संघ के कोषाध्यक्ष बने. कैलाश गोप को 1762 मत, त्रिलोकी सिंह यादव को 1198 मत आैर एक स्वतंत्र उम्मीदवार रामाश्रय सिंह यादव को मात्र 37 मत मिले.
उपाध्यक्ष पद के मोहन महतो व निरंकुश मिश्रा ग्रुप के सभी चार प्रत्याशी सोमेन मुखोपाध्याय, इरनियूस कुजूर, रामसेवक राम व बाबूलाल मरांडी विजयी हुए. सोमेन मुखोपाध्याय को 1725 मत, इरनियूस कुजूर को 1681 मत, रामसेवक राम को 1661 मत व बाबूलाल मरांडी को 1493 मत मिले. शंभु सिंह ग्रुप से कार्तिक मांझी को 1219 मत, नवीन कुमार सोनी को 1163 मत, प्रदीप कुमार मिश्रा को 1175 मत व बबन सिंह को 1166 मत मिले.
