रामगढ़ के अधिवक्ता रोबा कॉलोनी निवासी मिथिलेश सिंह व बिंझार निवासी रूपेश को लेकर औरंगाबाद गया था कार चालक
अनहोनी की आशंका से काफी चिंतित हैं परिजन
रामगढ़ : नयीसराय रामगढ़ निवासी मो एजाज ने रामगढ़ थाना में आवेदन दिया है. इसमें उसने कहा है कि उसका भाई मो कलाम कार चालक है. वह भाड़ा में कार चलाता है. चार जून की सुबह सात बजे वह अपनी पत्नी को यह बता कर घर से निकला था कि व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ के अधिवक्ता रोबा कॉलोनी निवासी मिथिलेश सिंह व बिंझार निवासी रूपेश कुमार को लेकर औरंगाबाद (बिहार) जा रहा है. उसने शाम को सात-आठ बजे तक वापस आने की बात कही थी.
कार नयीसराय निवासी आलोक नीरज कुमार का है. शाम को मेरे भाई की पत्नी ने शाम को लगभग चार बजे मो कलाम के मोबाइल पर फोन किया, तो मोबाइल बंद बताने लगा. इसकी जानकारी कार के मालिक को दी गयी. उसने कार की बुकिंग करनेवाले अधिवक्ता मिथिलेश सिंह के मोबाइल पर फोन किया, तो वह फोन भी बंद था. इसके बाद संभावित कई स्थानों पर उन लोगों के संबंध में जानकारी हासिल करने की कोशिश की गयी, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला.
हम लोग किसी अनहोनी की आशंका से काफी चिंतित हैं. इस घटना को लेकर पांच जून सुबह से ही काफी संख्या में लोग रामगढ़ थाना पहुंचे.पुलिस से कार्रवाई की मांग की. अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने थाना पहुंच कर रामगढ़ पुलिस से घटना की जानकारी ली.
