भुरकुंडा : बंद पड़े बलकुदरा आउटसोर्सिंग खुली खदान में जारी अवैध उत्खनन की खबरें प्रभात खबर में प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने माइंस क्षेत्र में छापामारी की. रविवार रात एसडीपीओ पतरातू प्रकाशचंद्र महतो के नेतृत्व में पुलिस ने कोयला काट रहे लोगों को खदेड़ा. हालांकि कोई पकड़ में नहीं आया.
बलकुदरा माइंस में छापामारी सामान छोड़ कर भागे लोग
भुरकुंडा : बंद पड़े बलकुदरा आउटसोर्सिंग खुली खदान में जारी अवैध उत्खनन की खबरें प्रभात खबर में प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने माइंस क्षेत्र में छापामारी की. रविवार रात एसडीपीओ पतरातू प्रकाशचंद्र महतो के नेतृत्व में पुलिस ने कोयला काट रहे लोगों को खदेड़ा. हालांकि कोई पकड़ में नहीं आया. मौके पर कोयला काटने […]

मौके पर कोयला काटने व ढोने के सामान जब्त किये गये. साथ ही अवैध उत्खनन किये गये कोयले को भी पुलिस ने जब्त कर लिया. मालूम हो कि बलकुदरा खदान अक्तूबर महीने से बंद है. जिसके बाद से यहां पर दिन-रात कोयले का अवैध उत्खनन जारी था. अवैध उत्खनन का यह पूरा खेल कोयला माफियाओं के इशारे पर हो रहा था.
अवैध उत्खनन करने के बाद कोयले को खदान क्षेत्र के आसपास पर स्टॉक किया जाता था. बाद में इसे साइकिल व ट्रैक्टर के माध्यम से क्षेत्र के ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जाता था. खदान बंद होने के वक्त यहां कई टन कोयले का स्टॉक जमा था, जो धीरे-धीरे कर कोयला माफियाओं द्वारा ढो लिया गया.
फिलहाल पुलिस की छापामारी से अवैध उत्खनन करनेवाले लोगों में हड़कंप मच गया है. मामले पर पतरातू एसडीपीओ प्रकाशचंद्र महतो ने कहा कि अवैध कोयला खनन की सूचना पर छापामारी की गयी थी. आगे भी इसके विरुद्ध अभियान जारी रहेगा. अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस जरूरी कदम उठायेगी.