अधिकारियों ने कई फैक्टरियों में कोयले की जांच की
गोला : जिला टास्क फोर्स ने गोला थाना के बंदा स्थित एडवांस डेल्को प्राइवेट लिमिटेड हाडकोक फैक्टरी में छापेमारी की. छापामारी अभियान सुबह लगभग सात बजे से शुरू किया गया. इस टीम में प्रदूषण विभाग रामगढ़ के चंदन कुमार यादव, खान निरीक्षक रामगढ़ के दारोगा राय, मांडू के रेंजर दिवाकर सिंह, डीसीसीटी के डीके मंडल व बिजली विभाग के कनीय अभियंता शंकर प्रसाद शामिल थे.
इस क्रम में स्टॉक कोयला व हाडकोक कोयले की मापी सीसीएल की सर्वेयर टीम द्वारा करायी गयी. फैक्टरी के कागजात की जांच पड़ताल कर स्टॉक से मिलान की गयी. इस बाबत विद्युत विभाग के कनीय अभियंता शंकर प्रसाद ने बताया कि फैक्टरी का कनेक्शन 21 मई 2014 को किया गया है. इसका बिल शुरू नहीं किया जा सका है. उधर, इस बाबत अधिकारियों ने कहा कि उच्चधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गयी है. फिलहाल फैक्टरी में जांच -पड़ताल कर इसकी रिपोर्ट जिला में सौंपी जायेगी.
फैक्टरी संचालक का कहना है कि इस फैक्टरी में 12 सौ टन प्रति माह तक कोयला हाडकोक करने की स्वीकृति मिली है. लेकिन अभी फिलहाल स्टॉक में इससे कम कोयला है. उधर, बताते चले कि 30 जून को मुख्य सचिव सजल चक्रवर्ती द्वारा चितरपुर जय मां छिन्नमस्तिके फ्यूल में छापेमारी की गयी थी. इधर, दूसरे दिन गोला में छापेमारी की गयी. इससे फैक्टरी संचालकों में हड़कंप है. छापेमारी के दौरान गोला पुलिस भी मौजूद थी. समाचार भेजे जाने तक छापामारी जारी थी. इस बाबत प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है.
