रामगढ़ : छतरमांडू स्थित रामगढ़ परिसदन में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष मो कमाल खान की अध्यक्षता में सरकार की कल्याणार्थ योजनाओं की समीक्षा हुई. बैठक में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सचिव नेसार अहमद, रामगढ़ की डीसी राजेश्वरी बी, डीडीसी सुनील कुमार आैर सभी विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. अध्यक्ष मो कमाल खान ने कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए चल रही केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणार्थ योजनाओं को जिला प्रशासन धरातल पर उतारने का काम कर रहा है. राज्य अल्पसंख्यक आयोग का रामगढ़ में यह पहली बैठक है.
उन्होंने सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की. जिला कल्याण पदाधिकारी को प्रत्येक छह-छह माह में अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं से संबंधित बैठक कराने का निर्देश दिया. जिला के छह प्रखंडों के अल्पसंख्यकों को रोजगार से जोड़ने का निर्णय लिया गया. राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने डीडीसी को अल्पसंख्यक छात्रावास योजना के प्रस्ताव को राज्य में भेजने का निर्देश दिया. सभी छह अल्पसंख्यक समुदाय (सिख, बौद्ध, मुसलमान, पारसी, इसाई एवं जैन) को आयोग द्वारा प्रधानमंत्री आवास, निःशुल्क गैस एवं चूल्हा दिया जा रहा है. सौभाग्य योजना के तहत अल्पसंख्यकों को बिजली कनेक्शन भी दिये जा रहे हैं. कौशल विकास के तहत प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जा रहा है. बताया गया कि 12 लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गयी है.
