समझौते के बाद हटा रोड जाम, परिजनों को दिया गया मुआवजा

समझौते के बाद हटा रोड जाम, परिजनों को दिया गया मुआवजा

सड़क हादसे में हेसला के युवक उमेश प्रजापति की हो गयी थी मौत. प्रतिनिधि, गिद्दी अरगड्डा पुराना चेकपोस्ट के नजदीक सोमवार को हुए सड़क हादसे के विरोध में सड़क को जाम कर दिया गया था. इसके बाद जनप्रतिनिधि, प्रशासन व ग्रामीणों के बीच समझौते के बाद रात लगभग नौ बजे जाम हटा दिया गया. वार्ता के बाद मृतक के परिजनों को 40 हजार की आर्थिक सहायता दी गयी. 10 हजार बाद में देने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर आवागमन बहाल कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार, सड़क हादसे में हेसला के युवक उमेश प्रजापति की मौत के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सोमवार शाम 4.30 बजे गिद्दी-नयीसराय मार्ग को जाम कर दिया. वार्ता में मांडू विधायक निर्मल महतो, रामगढ़ नगर परिषद के उपाध्यक्ष रंधीर गुप्ता, प्रशासन की ओर से नाजिर शामिल थे. मुआवजा नहीं मिलने से नाराज हैं दुकानदार : अरगड्डा पुराना चेकपोस्ट के पास हुए सड़क हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रैक्टर से दुकान, कार व बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी. समझौते के तहत मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गयी. नुकसान झेलने वाले दुकानदार सुनील यादव मुआवजा नहीं मिलने से नाराज हैं. उनका कहना है कि हादसे में उसे आर्थिक नुकसान हुआ है. इसके बाद भी अनदेखी की गयी है. सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत : अरगड्डा झोपड़ी के नजदीक सड़क दुर्घटना में घायल कंजगी के युवक सूजन नायक की मौत इलाज के दौरान सोमवार की रात हो गयी. इस हादसे में कंजगी के ही घायल दूसरे युवक मानव नायक का इलाज वृंदावन अस्पताल, रांची रोड में हो रहा है. जानकारी के अनुसार, सोमवार रात नौ बजे अरगड्डा झोपड़ी के पास सड़क दुर्घटना में दोनों युवक घायल हो गये थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नयीसराय अस्पताल पहुंचाया गया था. इसके बाद घायलों को होप अस्पताल और बाद में वृंदावन अस्पताल ले जाया गया. यहां इलाज के दौरान सूजन नायक ने दम तोड़ दिया. सड़क दुर्घटना में युवक घायल : गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी के नजदीक वाहन की चपेट में आने से डाड़ी गांव के युवक टिकेश्वर राम घायल हो गये. उन्हें पैर में गंभीर चोट लगी है. यह घटना मंगलवार दिन के 10 बजे की बतायी जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saroj tiwary

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >