रामगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धनबाद के सिंदरी मैदान से 25 मई को पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) के 4000 मेगावाट बिजली संयंत्र प्लांट का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे. पीवीयूएनएल प्लांट को बनाने में 18,668 करोड़ की राशि खर्च होगी. इसके चालू होने के बाद राज्य ही नहीं अन्य राज्यों में भी बिजली वितरण किया जायेगा. उक्त बातें गुरुवार को रामगढ़ की डीसी राजेश्वरी बी ने कही. उन्होंने कहा कि प्लांट झारखंड सरकार एवं एनटीपीसी के संयुक्त स्वामित्व में बनेगा.
प्रथम चरण में 3X800 मेगावाट एवं द्वितीय चरण में 2X800 मेगावाट विद्युत का उत्पादन होगा. केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने इस परियोजना की राशि व अन्य सभी जरूरतों को उपलब्ध करा दिया है. परियोजना के लिए भूमि, कोयला और जल रामगढ़ जिला में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. 4000 मेगावाट के लिए 1859 एकड़ भूमि उपलब्ध है. प्रथम फेज में 1234 एकड़ एवं दूसरे फेज के लिए 625 एकड़ भूमि की जरूरत होगी. फेज एक का निर्माण 1234 एकड़ में होगा. इसमें मुख्य संयंत्र, राख निष्पादन क्षेत्र, टाउनशिप और रेलवे ट्रैक की स्थापना के लिए जगह चिह्नित किया गया है.
