रामगढ़ : विद्युत विभाग के एमडी राहुल पुरवार शुक्रवार को रामगढ़ परिसदन के सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों व कार्य एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में उपायुक्त राजेश्वरी बी व एसी विजय कुमार गुप्ता मौजूद थे. बैठक के बाद एमडी राहुल पुरवार ने बताया कि रामगढ़ जिले में सुचारू रूप से विद्युत व्यवस्था करने के लिए विभाग कई कारगर कदम उठा रहा है. योजनाओं का क्रियान्वयन भी किया जा रहा है. जिले में तीन पावर ग्रिड का निर्माण किया जा रहा है.
जून अंत तक जिले के सभी 305 गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. रामगढ़ जिला राज्य का पहला जिला होगा, जिसमें सभी गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल रहेगी. आधारभूत संरचना की कमी के कारण विद्युतापूर्ति पूरी नहीं हो पा रही है. इसे दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है. शहरी क्षेत्र के छह किलोमीटर एरिया में विद्युत का अंडरग्राउड केबुल लगाया जा रहा है. इससे ओपेन तार व पोल की समस्या शहर में समाप्त होगी. अधिकारियों को पुराने ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत व खराब ट्रांसफॉर्मरों को तत्काल बदलने को कहा गया है.
