एक शिक्षिका घायल, पुलिस को दी गयी सूचना
गिद्दी (हजारीबाग) : गिद्दी में गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर दिनदहाड़े बाइकर्स ने दो शिक्षिकाओं से छिनतई की घटना को अंजाम दिया. इस दौरान एक शिक्षिका घायल हो गयीं. इसकी सूचना गिद्दी पुलिस को दी गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, राजकीय मध्य विद्यालय रिवर साइड सौंदा से शिक्षिका कुमकुम कुमारी पैदल 12 बजे के आस-पास गिद्दी ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित क्वार्टर लौट रही थीं. बाइकर्स कुछ दूर से ही उनका पीछा कर रहा था. जैसे ही शिक्षिका क्वार्टर के नजदीक पहुंची, वैसे ही बाइकर्स ने शिक्षिका को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद शिक्षिका से बैग लेकर भाग गया.
शिक्षिका ने बताया कि बाइकर्स सांवले रंग का था और उसकी मोटरसाइकिल आसमानी रंग की थी. शिक्षिका घायल हो गयी. शिक्षिका ने बताया कि बैग में एटीएम कार्ड, पैन कार्ड सहित कई जरूरी कागजात आैर एक सौ रुपये थे. वहीं, दूसरी ओर गिद्दी हनुमान चौक की शिक्षिका अर्चना मेहता चिल्ड्रेन पाराडाइज स्कूल रिवर साइड भुरकुंडा पैदल जा रही थी. इसी दौरान बाइकर्स ने सुबह 6:40 बजे के आस-पास वाशरी डिस्पेंशरी कॉलोनी के ललन होटल के निकट शिक्षिका अर्चना मेहता से बैग लूटने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा. पर बाइकर्स ने शिक्षिका से स्टोल लेकर भाग गया. वह काले रंग की मोटरसाइकिल में था और जींस पेंट पहने हुए था. मालूम हो कि 27 अप्रैल को बाइकर्स ने गिद्दी गोल्डेन क्लब मोड़ के पास शिक्षिका सुनिता सिंह से मोबाइल व बैग छिन कर भाग गया था. बाद में रास्ते से मोबाइल बरामद कर लिया गया था.
