रामगढ़ : रामगढ़ उपायुक्त राजेश्वरी बी की अध्यक्षता में बुधवार को जिला समन्वय समिति व नीति आयोग की बैठक हुई. बैठक में सभी विभागों से समीक्षा की गयी. बताया गया कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत 14 अप्रैल से पांच मई तक अभियान चलाया जायेगा. इस अभियान के तहत जिले के अलग-अलग तीन प्रखंड मांडू के गरगाली, दुलमी के बोंगई और गोला के गंधोनिया का चयन किया गया है.
उपायुक्त ने चयनित सभी ग्रामों में सात लाभकारी योजनाओं का कार्यान्वयन शत -प्रतिशत करने का निर्देश दिया. बताया गया कि दिल्ली से दो सदस्यीय टीम आ रही है. यह पूरे अभियान पर नजर रखेगी. जिन सात लाभकारी योजनाओं को यहां धरातल पर लाना है, उसमें उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, जीवन ज्योति योजना, दीनदयाल ज्योति योजना और फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं. संबंधित बीडीओ को इन चयनित ग्रामों में जाकर सर्वे कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. एग्रीकल्चर पर समीक्षा करते हुए चल रही सभी योजनाओं की सूची मांगी गयी. नकदी फसल के प्रति किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ सिंचित भूमि की भी संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया. मत्स्य विभाग की समीक्षा के बाद उपायुक्त ने जिला मत्स्य पदाधिकारी को मछुआ आवास योजना व दीनदयाल योजना से बनने वाले आवासों की सूची जिला को उपलब्ध कराने को कहा. बैठक में डीडीसी सुनील कुमार, एसी विजय कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार मौजूद थे.
