छाताबाद भूधसान पर सियासत तेज, अनूप सिंह और ढुलू महतो के बीच जुबानी जंग

धनबाद के छाताबाद में भूधसान की घटना ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. कांग्रेस विधायक अनूप सिंह और भाजपा सांसद ढुलू महतो के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. वहीं, 13 दिनों से प्रभावित परिवार मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं.

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

धनबाद: जिले के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में 7 अगस्त को हुए भूधसान की घटना अब सियासी रंग ले चुकी है. घटना के 13 दिन बाद भी प्रभावित परिवार मुआवजा, पुनर्वास और डेंजर जोन चिह्नित करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. वहीं, इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस विधायक अनूप सिंह और धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. दोनों नेता एक-दूसरे पर कोयला चोरी और अवैध गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. नेताओं के बीच जारी जुबानी जंग अब सोशल मीडिया तक पहुंच गयी है, जहां समर्थकों के बीच रील और पोस्टर वॉर देखने को मिल रहा है.

20 घर जमींदोज, दर्जनों परिवार खतरे में

छाताबाद में 7 अगस्त को हुए बड़े भूधसान में करीब 20 घर जमींदोज हो गये थे, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे. घटना के बाद आसपास के दर्जनों घर भी खतरे की जद में आ गये हैं. भूधसान के बाद इलाके के लोगों में अब भी दहशत का माहौल है.

प्रभावित परिवार एसटीजी आउटसोर्सिंग परिसर में 'आशियाना आंदोलन' के तहत अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं. उनकी मांग है कि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाए, सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास किया जाए और पूरे इलाके में डेंजर जोन चिह्नित कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.

यह भी पढ़ें: 11वीं-13वीं JPSC और फूड सेफ्टी परीक्षा रद्द करने पर HC ने लगाई रोक, सरकार से मांगा जवाब

नेताओं ने आंदोलन को दिया समर्थन

भूधसान की घटना के बाद कांग्रेस और झामुमो के कई नेताओं ने छाताबाद पहुंचकर प्रभावित लोगों से मुलाकात की. कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, बेरमो विधायक अनूप सिंह, मंत्री हफीजुल हसन और विधायक मथुरा महतो समेत कई नेताओं ने आंदोलन को समर्थन दिया और प्रभावित लोगों की मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया.

हालांकि, धरना जारी रहने के बावजूद मुआवजा और पुनर्वास के मुद्दे पर अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है. त्रिपक्षीय वार्ता में भी प्रभावित लोगों की मांगों पर सहमति नहीं बनने की बात सामने आ रही है.

अनूप सिंह ने ढुलू महतो पर लगाये आरोप

इधर, छाताबाद भूधसान को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गयी है. कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने घटना और क्षेत्र में हो रहे अन्य भूधसान के लिए भाजपा सांसद ढुलू महतो पर गंभीर आरोप लगाये हैं. अनूप सिंह का आरोप है कि कोयला चोरी और अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने का परिणाम इलाके में भूधसान के रूप में सामने आ रहा है.

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी प्रभावित लोगों के समर्थन में सरकार की ओर से मदद और मुआवजा दिलाने की बात कही. उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र के लोगों ने किसे वोट दिया, इसके आधार पर विकास और राहत कार्य नहीं रोके जा सकते.

यह भी पढ़ें : JSSC CGL मामले में पू्र्व CM रघुवर दास बोले- CBI जांच कराकर दोषियों को नौकरी से हटाए सरकार

ढुलू महतो ने किया पलटवार

दूसरी ओर, धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो ने कांग्रेस नेताओं के आरोपों पर पलटवार किया है. सांसद ने कहा कि छाताबाद भूधसान की घटना के बाद कई राजनीतिक लोग एकजुट होकर उनके खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने बेरमो क्षेत्र में कथित अवैध कोयला खनन और अन्य मामलों की जांच सीबीआई, ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग की.

सोशल मीडिया पर भी छिड़ी जंग

नेताओं के बीच चल रही जुबानी जंग का असर अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रहा है. विधायक अनूप सिंह के समर्थक सांसद ढुलू महतो को लेकर रील और पोस्ट साझा कर रहे हैं. वहीं, सांसद ढुलू महतो के समर्थक भी अनूप सिंह को निशाने पर लेते हुए पोस्टर और अन्य सोशल मीडिया सामग्री जारी कर रहे हैं.

एक तरफ छाताबाद के प्रभावित परिवार सुरक्षित आशियाने, मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ इसी मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होता जा रहा है. प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द से जल्द सुरक्षित पुनर्वास और राहत चाहिए. अब देखना होगा कि बीसीसीएल, जिला प्रशासन और राज्य सरकार प्रभावित परिवारों की मांगों पर कब तक कोई ठोस फैसला लेते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >