हुसैनाबाद, पलामू : जपला-नावाडीह रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार की सुबह चलती ट्रेन से गिरकर 40 वर्षीय शबनम बानो गंभीर रूप से घायल हो गयी. वह हुसैनाबाद के इसलामगंज निवासी अकबर हुसैन की पत्नी है. हादसे में उसके सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया.
भीड़ अधिक होने के कारण गेट के पास बैठी थी महिला
जानकारी के अनुसार शबनम बानो जपला से बनारस जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी. परिजनों ने बताया कि ट्रेन में काफी भीड़ होने के कारण वह गेट के पास बैठी थी. इसी दौरान उसे झपकी आ गयी और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गयी. हादसा रेलवे के पोल संख्या 366/23-25 के पास हुआ.
रेलवे कर्मियों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद महिला रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में पड़ी थी. जपला स्टेशन मास्टर को महिला के घायल होने की सूचना मिली. इसके बाद रेलवे पुलिस के उप निरीक्षक रामनरेश राम टीम के साथ मौके पर पहुंचे. रेलवे कर्मियों की मदद से महिला को निजी वाहन से हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया.
