पलामू के विश्रामपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, पहचान छिपाने के लिए शव जलाया

Palamu Crime News: पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या कर शव को जलाकर पहचान छिपाने का प्रयास किया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है. घटना से इलाके में डर का माहौल बन गया है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Palamu Crime News: झारखंड के पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भयावह घटना सामने आई. इटको मुख्य पथ के किनारे, छिपादोहर कला गांव के सोनपुरवा टांड़ के पास एक युवक का अधजला शव बरामद किया गया. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है.

ग्रामीणों ने दी सूचना

ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढे में पड़े शव को देखा और तुरंत विश्रामपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास हो सकती है.

घटनास्थल से मिली जानकारी

पुलिस ने घटनास्थल से दो गोली के खोखे बरामद किए. एक शव के पास और दूसरा सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला. मृतक के शरीर का कमर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह जल चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या पहले गोली मारकर की गई और बाद में पहचान छुपाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया.

शव का पोस्टमार्टम

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया. पोस्टमार्टम से घटना की वजह और मृतक की पहचान के प्रयास किए जाएंगे. थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

स्थानीय लोगों में दशहत

पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, युवक की हत्या सोमवार देर रात हुई होगी. अपराधियों ने हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाया. इस घटना ने स्थानीय लोगों में डर और चिंता पैदा कर दी है.

इसे भी पढ़ें: बोकारो के नावाडीह में दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर, दो की मौत दो घायल

जांच में जुटी पुलिस की टीम

मौके पर नावाडीह ओपी प्रभारी चंदन कुमार, नौगाढ़ा ओपी प्रभारी अनिल कुमार यादव, एसआइ शिवनाथ रंजन, एएसआइ विनोद राम सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे. सभी पुलिसकर्मी घटनास्थल का मुआयना कर सुराग इकट्ठा कर रहे हैं और आसपास के इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि या जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में जोरदार धमाका, कई घर समेत एक ही परिवार के तीन लोग जमींदोज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >