छतरपुर (पलामू), पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड के हुलसम गांव के झूरीडीह टोला में सरकारी सहायता के बिना ग्रामीणों ने श्रमदान कर पुलिया का निर्माण किया. पनघटवा नदी पर बनी पुलिया दो वर्ष पूर्व बारिश के तेज बहाव के कारण टूट गयी थी, जिससे आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी.
मंझौली से बरगुनिया गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बनी पुलिया दो वर्ष पूर्व बरसात के दिनों में बहकर टूट गयी थी. इसके कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. स्कूली बच्चों, किसानों व मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती थी.
पुलिया के निर्माण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को मौखिक तौर पर सूचना दी गयी. कई बार कार्यालय के चक्कर लगाये, लेकिन समाधान नहीं हो पाया. हमेशा आश्वासन दिया जाता रहा कि जल्द ही खर्च का आकलन कर पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. लेकिन पुलिया निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी.
ग्रामीणों ने बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी को देखते हुए पुलिया निर्माण को लेकर आम बैठक की. बैठक में आपसी सहयोग से श्रमदान कर पुलिया बनाने का निर्णय लिया गया.
ग्रामीण बाबूराम सिंह ने बताया कि निर्माण सामग्री की व्यवस्था आपसी सहयोग से की गयी, जिसमें लगभग 30 हजार रुपये का खर्च आया, जिसे ग्रामीणों ने चंदा कर जुटाया. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष बारिश के दिनों में एक व्यक्ति पुलिया में गिरकर बहने लगा था. उसे आसपास के ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला था.
