नावा बाजार (पलामू). पलामू जिले के नावा बाजार प्रखंड के तुकबेरा में भाजपा मंडल अध्यक्ष महादेव प्रसाद यादव के नेतृत्व में वंदन यात्रा निकाली गयी. गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा में काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोग शामिल हुए. यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा.
एक किलोमीटर तक निकली यात्रा
वंदन यात्रा की शुरुआत तुकबेरा अंबेडकर टोला स्थित पंचायत समिति सदस्य अमरेश राम के आवास से हुई. यात्रा शुरू होने से पहले विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद कार्यकर्ता और स्थानीय लोग एनएच-98 मुख्य पथ से होते हुए करीब एक किलोमीटर की दूरी तय कर पूर्व प्रमुख रविंद्र पासवान के आवास तक पहुंचे.
जयघोष के बीच निकली वंदन यात्रा
यात्रा के दौरान महिलाओं ने फूल-मालाओं से लोगों का स्वागत किया. उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित कर यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया. बाजे-गाजे और जयघोष के बीच निकली यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय व उत्साहपूर्ण माहौल में नजर आया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया.
कार्यक्रम का संचालन नावा बाजार मंडल महामंत्री अशोक चौहान ने किया. मौके पर वंदन यात्रा के विधानसभा प्रभारी बवन राम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ वीपी शुक्ला, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतीश पासवान, नावा प्रखंड प्रभारी सह पूर्व प्रमुख रविंद्र पासवान, संयोजक अरुण कुमार मेहता, सह-संयोजक अखिलेश यादव, महामंत्री पंकज चंद्रवंशी, परशुराम मेहता, हृदय चंद्रवंशी, संतोष पाल, रामचंद्र ठाकुर तथा मीडिया प्रभारी विक्की बादल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद थे.
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में आपसी सहभागिता और संगठनात्मक एकजुटता को बढ़ावा देना है. यात्रा में सैकड़ों लोगों की भागीदारी से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया.
