पांकी, पलामू : पांकी प्रखंड के तरवाडीह गांव में रविवार को भाकपा माले के वरिष्ठ नेता आरएन सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने उनकी प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष किया
श्रद्धांजलि सभा में दीपंकर भट्टाचार्य ने नेताओं और कार्यकर्ताओं से दिवंगत साथी आरएन सिंह के संघर्षपूर्ण जीवन से सीख लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि आरएन सिंह सामाजिक न्याय, समतावादी समाज और वंचित-शोषित वर्ग के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करते रहे.
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा, रोजगार, महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले हो रहे हैं. ऐसे दौर में आरएन सिंह का निधन अपूरणीय क्षति है. वे अंतिम समय तक छात्र-युवाओं के आंदोलन में डटे रहे. उनके संकल्पों और विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने कहा कि आरएन सिंह ने पलामू में सामंती जुल्म और जमींदारी प्रथा के खिलाफ जन आंदोलनों को तेज किया था.
सिद्धांतों से कभी पीछे नहीं हटे : चंद्रदेव महतो
विशिष्ट अतिथि सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि आरएन सिंह ने अपने क्रांतिकारी जीवन में शोषितों के हक की लड़ाई के दौरान दर्जनों बार जेल की सजा काटी. इसके अलावा पुलिसिया प्रताड़ना और झूठे मुकदमों का भी सामना किया, लेकिन वे कभी अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे.
किडनी खराब होने के कारण 10 अगस्त को रांची के एक अस्पताल में उनका निधन हो गया था. श्रद्धांजलि सभा में जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, माले नेता बीएन सिंह समेत अन्य वक्ताओं ने आरएन सिंह के बताये रास्ते पर चलने और समतावादी समाज के निर्माण का संकल्प लिया.
मौके पर विधायक शशिभूषण मेहता, प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद, भाजपा नेत्री लवली गुप्ता, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, उप प्रमुख अमित चौहान, मुखिया हफीजुल अंसारी, रफीक अंसारी, नेहाल अंसारी, उप मुखिया अनारीक राम, रवींद्र भुईयां, सरफराज आलम, दिव्या भगत सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
