पलामू: रांची के खलारी थाना क्षेत्र से तीन मासूम बच्चे लापता थे. बुधवार को हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान के नेतृत्व में शाम करीब छह बजे तीनों बच्चों को रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया. इस मामले में आरोपी रंजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जो हैदरनगर थाना क्षेत्र के लोहारपुर निवासी है.
थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान ने बताया कि रविवार शाम से तीनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल रहा था. तीनों बच्चे खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर टीएच कॉलोनी स्थित भुइयां टोली के रहने वाले हैं. जहां से तीनों बच्चे खेलते-खेलते अचानक गायब हो गये थे.
सूचना पर हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला हैदरनगर थाना पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन व पूछताछ की. खलारी थाना की पुलिस भी हैदरनगर थाना पहुंची. तीनों बच्चों सहित आरोपी को खलारी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है.
