13 साल के थे दूल्हा-दुल्हन, बीडीओ ने त्वरित कार्रवाई कर रुकवाया बाल विवाह
प्रतिनिधि, छतरपुर
छतरपुर प्रखंड क्षेत्र के पाटादोहर गांव में गुरुवार को प्रशासन की सजगता से एक बाल विवाह रोका गया. बीडीओ आशीष कुमार साहू को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में नाबालिग जोड़े की शादी करायी जा रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से आयु संबंधी दस्तावेज मांगे. जांच में पाया गया कि लड़के की उम्र 13 वर्ष सात माह और लड़की की उम्र मात्र 13 वर्ष है. इसके बाद विवाह की रस्में तुरंत रुकवा दी गयीं.
लड़की के माता-पिता को जिला बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द किया गया
बीडीओ ने बताया कि बाल विवाह कानून का उल्लंघन करने के आरोप में लड़की के माता-पिता को अग्रतर कार्रवाई के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द कर दिया गया है. उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि बाल विवाह समाज के लिए अभिशाप है, जो बच्चों के भविष्य और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करता है. उन्होंने अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस या प्रखंड प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते मासूमों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.