जेल से बाहर आए 117 दागियों की एसपी ने लगाई क्लास, दी सख्त चेतावनी- अपराध किया तो फिर जाएंगे जेल

पलामू में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कमर कस ली है. एसपी ने 117 दागियों को बुलाकर अपराध से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी है. दोबारा अपराध करते पकड़े जाने पर जेल भेजने की बात कही गई है.

चैनपुर, पलामू : पलामू जिले में अपराध पर नकेल कसने और विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. रविवार को चैनपुर थाना परिसर में थाना परेड का आयोजन किया गया. इसमें विभिन्न संगीन आपराधिक मामलों में जेल जा चुके और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहे 117 अपराधियों को तलब किया गया.

एसपी ने अपराधियों से आमने-सामने की बात

थाना परिसर में अपराधियों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. परेड में पलामू एसपी कपिल चौधरी खुद मौजूद रहे. उन्होंने अपराधियों से आमने-सामने बातचीत कर उनके वर्तमान निवास, रोजगार के साधन और दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली.

अपराध से दूर रहने की दी सख्त चेतावनी

एसपी कपिल चौधरी ने सभी 117 दागियों को अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की नसीहत दी. उन्होंने कहा कि अपराध का रास्ता व्यक्ति के साथ उसके परिवार और बच्चों के भविष्य को भी प्रभावित करता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण जीवन जीना ही एकमात्र विकल्प है. दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी और जेल भेजा जायेगा.

आर्म्स एक्ट के सबसे अधिक आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार थाना परेड का मुख्य उद्देश्य जेल से बाहर आये अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना और उन्हें दोबारा अपराध की राह पर जाने से रोकना है. परेड में शामिल 117 दागियों में आर्म्स एक्ट के 33, हत्या के 26, लूट के 15, चोरी के 15 और अन्य मामलों के 28 आरोपी शामिल थे.

मौके पर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और चौकीदार मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

शुभम राय झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ झारखंड की राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर खबरें लिखने में रुचि रखते हैं. तथ्यों की पड़ताल और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सरल और प्रभावी तरीके से सामने रखना उनकी पत्रकारिता की प्राथमिकता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >