सिंदुरिया गांव में जलजमाव से हाहाकार, घरों में घुसा पानी

सतबरवा के सिन्दुरिया गांव में जल निकासी न होने से ग्रामीण और स्कूली बच्चे बेहाल हैं। अतिक्रमण के कारण घरों में पानी घुस रहा है और फसलें बर्बाद हो रही हैं।

सतबरवा,पलामू: मेदिनीनगर सदर प्रखंड क्षेत्र के लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में जल निकासी बाधित होने से मुख्य सड़क समेत करीब पांच सौ फीट के दायरे में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. बारिश के बाद कई ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया है. इससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं कई एकड़ में लगी फसल भी प्रभावित हो रही है.

ग्रामीणों ने इस संबंध में पलामू उपायुक्त, एसडीओ और सदर सीओ को आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की थी. ग्रामीणों का आरोप है कि पानी निकासी के रास्ते पर कुछ लोगों ने मकान का निर्माण कर दिया है और मिट्टी भरकर जमीन को ऊंचा कर दिया है. इससे पानी की निकासी बाधित हो गयी है.

अतिक्रमण हटाने के लिए जारी हो चुका है नोटिस

ग्रामीणों की शिकायत के बाद सीओ ने सदर खाता संख्या 37, प्लॉट संख्या 111 स्थित केसरे हिंद आम रास्ते की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पांच ग्रामीणों को चार अगस्त 2026 को नोटिस जारी किया था. हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है.

इसके बाद सीओ ने सदर एसडीओ से दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.

यह भी पढ़ें : सतबरवा में फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, 48 टीमें ले रहीं हिस्सा; विजेता को मिलेंगे 21 हजार

बारिश के बाद बढ़ी परेशानी

पंचायत की मुखिया पूनम यादव ने बताया कि जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों को भी आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. मंगलवार को हुई बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गयी.

ग्रामीण ललन पासवान, नर्मदेश्वर पांडेय, इनामूल मियां, साबिर अंसारी, विजय मांझी, बैजनाथ पासवान, राकेश कुमार और रोहित कुमार ने बताया कि लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. कई मिट्टी के मकानों की दीवारें भी धंसने लगी हैं. वहीं, खेतों में लगी फसल नष्ट होने के कगार पर है.

ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमण कर मकान बनाने के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गयी, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. उन्होंने प्रशासन से जल्द अतिक्रमण हटाकर जल निकासी की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >