पलामू: पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयासों से शाहपुर–गढ़वा सड़क के जर्जर हिस्से के पुनर्निर्माण और उन्नयन का रास्ता साफ हो गया है. पथ निर्माण विभाग ने गढ़वा जिला सीमा से शाहपुर चौक तक 17.44 किलोमीटर सड़क के सुधार कार्य के लिए 13 करोड़ 71 लाख 10 हजार 600 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है. यह कार्य राइडिंग क्वालिटी इम्प्रूवमेंट प्रोग्राम के तहत कराया जायेगा.
17.44 किमी सड़क का होगा सुधार
गढ़वा–शाहपुर सड़क का गढ़वा जिला सीमा तक करीब 13 किलोमीटर हिस्सा पहले ही बन चुका है. वहीं, पलामू जिले में गढ़वा सीमा से शाहपुर चौक तक का 17.44 किलोमीटर हिस्सा लंबे समय से जर्जर था. इसके पुनर्निर्माण और उन्नयन के लिए सांसद विष्णु दयाल राम ने पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार से पत्राचार करने के साथ व्यक्तिगत मुलाकात भी की थी.
टेंडर प्रक्रिया शुरू
विभाग की ओर से सड़क सुधार कार्य के लिए निविदा प्रकाशित की जा चुकी है. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा. सड़क के दुरुस्त होने से गढ़वा और पलामू के बीच आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है.
विकास कार्य प्राथमिकता : सांसद
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है.
