हुसैनाबाद, पलामू : वित्त रहित मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को वित्त रहित विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मी शैक्षणिक हड़ताल पर रहे. इसके तहत शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज, जपला के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी भी शैक्षणिक कार्य से अलग रहे. हड़ताल का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य एवं मोर्चा के अध्यक्ष मंडल सदस्य अरविंद कुमार सिंह ने किया.
75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि की मांग
हड़ताल के दौरान वित्त रहित शिक्षक-कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया. प्रमुख मांगों में 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि संबंधी संलेख को अविलंब कैबिनेट में रखने, वित्त रहित शिक्षक-कर्मियों के लिए नियमावली बनाकर वेतनमान देने तथा उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय, मदरसा विद्यालय और इंटर कॉलेजों के लिए सेवा शर्त नियमावली लागू करने की मांग शामिल है.
मोर्चा ने बिहार से स्थापना अनुमति प्राप्त एवं अनुदानित 158 उच्च विद्यालयों को प्रस्वीकृति के लिए तीन वर्ष का समय देने और तब तक उनका अनुदान नहीं रोकने की मांग भी की.
सावित्रीबाई फुले योजना का पोर्टल खोलने की मांग
वित्त रहित मोर्चा ने सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना की राशि के लिए पोर्टल खोलने की मांग की. इसके अलावा शिक्षक-कर्मियों से जुड़ी अन्य मांगों के समाधान की भी मांग की गयी.
मोर्चा की ओर से निर्णय लिया गया है कि शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को राज्य के सभी वित्त रहित कॉलेजों में धरना दिया जायेगा.
