विश्रामपुर, पलामू: शुक्रवार को रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय, पलामू में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के सात दिवसीय रोजगार क्षमता कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम (कार्यशाला) का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का आयोजन महिंद्रा एंड महिंद्रा के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत नांदी फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है.
छात्राओं के करियर निर्माण पर जोर
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष (चेयरमैन) रामचंद्र चंद्रवंशी ने नांदी फाउंडेशन और प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह रोजगारोन्मुखी पहल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को रोजगार के लिए अधिक सक्षम, आत्मविश्वासी और उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है.
आधुनिक रोजगार के लिए कौशल प्रशिक्षण जरूरी
संस्थान के निदेशक ईश्वरसागर चंद्रवंशी ने कहा कि इस तरह के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक व्यावसायिक आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने छात्राओं को कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया.
उप निदेशक अनुराग चंद्रवंशी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है. उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रभावी संचार कौशल, आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण क्षमता और व्यक्तित्व विकास भी जरूरी है.
जीवन कौशल से लेकर मॉक इंटरव्यू तक प्रशिक्षण
विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ की प्रमुख मनीषा सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षण से छात्राओं के व्यावसायिक कौशल को निखारने के साथ नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलेगी.
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक श्री सांगा द्वारा छात्राओं को जीवन कौशल, प्रभावी संवाद, बॉडी लैंग्वेज, टीमवर्क, समय प्रबंधन, सामाजिक शिष्टाचार, रिज्यूमे निर्माण और मॉक इंटरव्यू का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा.
आयोजन में समन्वयक मोहम्मद अफजल अली, उज्ज्वल कुमार और दीपक कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
