सतबरवा, पलामू : सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा गांव में फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में लगे दो मजदूरों को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रियता से कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
रिम्स में चल रहा दोनों मजदूरों का इलाज
मालूम हो कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे फोरलेन ओवरब्रिज पर निर्माण कार्य कर रहे दो मजदूरों को अपराधियों ने गोली मार दी थी. घटना में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले अजय हांसदा और संजय हांसदा गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है.
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये थे. सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी और थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
घटनास्थल से गैंग के नाम का परचा बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से राहुल दुबे गैंग के नाम का एक परचा बरामद किया है. पुलिस अब इस परचे समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है.
