नौडीहा बाजार में डस्ट से दम तोड़ रही नदी,प्रदूषण की मार

नौडीहा बाजार में डस्ट से दम तोड़ रही नदी,प्रदूषण की मार

नौडीहा बाजार ़ प्रखंड क्षेत्र में संचालित क्रशर प्लांट पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर बेखौफ तरीके से प्रदूषण फैला रहे हैं. खैरादोहर व सराईडीह पंचायत के सीमावर्ती नदी घुजुवा नदी (छोटकी नदी) पर आस पास में संचालित स्टोन क्रेशर प्लांट से निकलने वाले हानिकारक डस्ट (धूल) को सीधे नदी में डंप किया जा रहा है.इस लापरवाही से न केवल नदी का अस्तित्व खतरे में है, बल्कि जलीय जीवन और स्थानीय ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्रशर संचालक चोरी-छिपे और कभी-कभी खुलेआम ट्रैक्टरों और हाइवा के जरिये भारी मात्रा में डस्ट नदी किनारे गिरा रहे हैं.तेज हवा चलने पर यह डस्ट उड़कर खेतों और घरों में घुस रहा है, वहीं बारिश के साथ यह सीधे पानी में घुलकर नदी को जहरीला बना रहा है. कभी निर्मल जल के लिए जानी जाने वाली यह नदी अब सफेद -काली धूल की चादर में लिपटी नजर आती है.अगर जल्द ही इन अवैध डंपिंग यार्डों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो नदी एक नाले में तब्दील हो जायेगी. वहीं नदी का पानी दूषित होने से मवेशियों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है. डस्ट के कारण नदी का तल भर रहा है, जिससे जलस्तर नीचे जा रहा है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारीक धूल खेतों की उर्वरा शक्ति को नष्ट कर रही है, जिससे फसलों की पैदावार घटने की आशंका है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थानीय प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है. अधिकारियों से होगी शिकायत : प्रखंड प्रमुख प्रखंड प्रमुख रेशम कुमारी ने कहा कि माइंस संचालन के नाम पर पर्यावरण का पूरी तरह से हनन किया जा रहा है.संचालक प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.मामले से संबंधित उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए और दोषी संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जायेगी किसानों की लाइफलाइन घुजुवा नदी पर संकट : सुदामा जिला परिषद सदस्य सुदामा पासवान ने कहा कि माइंस और क्रेशर संचालकों ने वायु प्रदूषण के साथ-साथ अब जल प्रदूषण भी शुरू कर दिया है. घुजुवा नदी की धारा को संचालकों द्वारा बाधित किया जा रहा है.नदी की धारा बंद होने से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >