झारखंड निकाय चुनाव : बागी उम्मीदवारों पर बोलीं रेखा वर्मा- "BJP बड़ा परिवार, छोटे-मोटे विवाद चर्चा से सुलझेंगे"

Rekha Verma BJP: झारखंड में नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने बजट 2026 के आंकड़ों के जरिए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और बताया कि कैसे हाईवे, रेलवे और हवाई अड्डों के विकास से देश बदल रहा है. इस रिपोर्ट में जानें क्यों रेखा वर्मा ने झारखंड सरकार को 'सोई हुई सरकार' करार दिया.

Rekha Verma BJP, पलामू : भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ता लंबे समय से प्रयासरत थे, जिसके परिणामस्वरूप अब यह चुनाव हो रहा है. भाजपा हर चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ती है. दरअसल वे शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रही थीं, इस दौरान उन्होंने ये बातें कही.

कार्यकर्ता एकजुट होकर कर रहे काम रेखा वर्मा

रेखा वर्मा ने कहा कि भाजपा ने किसी भी क्षेत्र में जिस प्रत्याशी को समर्थन दिया है, उसके लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं. एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा से कोई अन्य उम्मीदवार नहीं है. भाजपा एक परिवार है और यदि कहीं कोई समस्या होती है, तो उसे आपसी संवाद से सुलझा लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि बड़े परिवार में कभी-कभी छोटे-मोटे मतभेद होते हैं, लेकिन यह स्वाभाविक प्रक्रिया है.

झामुमो सरकार पर हमला

रेखा वर्मा ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार सोई हुई है और भ्रष्टाचार चरम पर है. मौजूदा सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है, जिससे जनता परेशान है.

Also Read: जुड़वा बच्चे के कारण रद्द हुआ एक और नामांकन, आदित्यपुर वार्ड 24 से पार्षद प्रत्याशी अभी मुखी को झटका

रेखा वर्मा ने 2026 के बजट को बताया विकासोन्मुखी

रेखा वर्मा ने कहा कि वर्ष 2026 का बजट विकास को बढ़ावा देने वाला है. वर्ष 2014 से पूर्व जब कांग्रेस की सरकार थी, तब देश का बजट मात्र 17 से 18 लाख करोड़ रुपये का होता था, जबकि वर्ष 2026 में यह बढ़कर 53 लाख 47 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. केंद्र सरकार विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि इस बजट में रोजगार, महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है. सरकार निरंतर समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है.

आधारभूत संरचना पर फोकस

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि बजट में सड़क, हाईवे, ओवरब्रिज और हवाई अड्डों के विकास पर विशेष जोर दिया गया है. इसके साथ ही हाई स्पीड रेल परियोजनाओं पर भी सरकार बड़े पैमाने पर खर्च कर रही है. केंद्र सरकार की सोच है कि अधिक से अधिक दवाइयों का निर्माण देश में ही हो, जिससे आत्मनिर्भरता बढ़े.

किसानों और करदाताओं को राहत

रेखा वर्मा ने कहा कि पहले किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत तीन लाख रुपये की सहायता मिलती थी, जिसे बढ़ाकर अब पांच लाख रुपये कर दिया गया है. वहीं, इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि पहले 31 दिसंबर थी, जिसे बढ़ाकर 31 मार्च कर दिया गया है. इससे करदाताओं को काफी सुविधा हुई है.

मौके पर ये रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, अरुणा शंकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, शिव कुमार मिश्रा सहित अन्य पार्टी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Also Read: झारखंड CM गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 21 परिवारों को नई उम्मीद, स्वीकृत हुई लाखों की सहायता राशि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >