पलामू संसदीय क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में डालटनगंज और गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन सेवा अब नियमित रूप से संचालित होगी. धनबाद लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13379/13380), जो अब तक ट्रायल के रूप में स्पेशल ट्रेन के तौर पर चलायी जा रही थी, उसे रेलवे बोर्ड ने नियमित परिचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी है. पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के लगातार प्रयासों के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. उन्होंने इस ट्रेन के नियमित परिचालन के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखने के साथ-साथ व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर मांग रखी थी. इस ट्रेन सेवा का विधिवत शुभारंभ सात अप्रैल की सुबह 4ः30 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर किया जायेगा. यह ट्रेन हर सोमवार को पलामू-गढ़वा होकर जायेगी.पलामू सांसद वीडी राम हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे. सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. सांसद ने इस उपलब्धि के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू की जनता की ओर से आभार प्रकट किया है. यह ट्रेन सेवा शुरू होने से पलामू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मुंबई जाने के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.ट्रेन के परिचालन से आवागमन के साथ-साथ रोजगार और व्यापार करने में सुविधा होगी.
सात अप्रैल से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन का नियमित परिचालन : बीडी राम
सात अप्रैल से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन का नियमित परिचालन : बीडी राम
