नौडीहा बाजार में रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापना की पहल, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ काम

पलामू के नौडीहा बाजार में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है. मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया. इस पहल से स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया.

नौडीहा बाजार. पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड स्थित पुराने थाना के समीप वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित करने की दिशा में मंगलवार को भूमि पूजन के साथ कार्य की शुरुआत हुई. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए. प्रतिमा स्थापना को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया.

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन

भूमि पूजन के दौरान अनुज मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना करायी. इसके बाद उपस्थित लोगों ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम में भारत माता की जय और रानी लक्ष्मीबाई अमर रहें के नारे भी लगाए गये.

प्रतिमा से मजबूत होगी क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान : सुदामा पासवान

मौके पर जिला परिषद सदस्य सुदामा पासवान ने कहा कि पुराने थाना के समीप रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. इससे नौडीहा बाजार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि प्रतिमा आने वाली पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई के योगदान और उनके अदम्य साहस की जानकारी देने का माध्यम बनेगी. सार्वजनिक स्थल पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने से युवाओं और आम लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को भी बल मिलेगा.

उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया था. उनका जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और देशभक्ति की प्रेरणा देता है. ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं स्थापित करने से नई पीढ़ी को इतिहास और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराने में मदद मिलती है.

जल्द पूरी होगी प्रतिमा स्थापना की तैयारी

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिमा स्थापना से जुड़ी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. निर्माण कार्य में स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गयी. आयोजकों ने कहा कि निर्धारित स्थल पर जल्द ही प्रतिमा स्थापित करने का कार्य पूरा किया जायेगा. स्थानीय लोगों ने भी इसे महत्वपूर्ण पहल बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में समाजसेवी नंदन सिंह उर्फ चिंटू सिंह, धनंजय सिंह, पुकार सिंह, अजय सिंह, रामचंद्र राम, मनोज कुमार, अमरेश श्रीवास्तव, शाहपुर पंचायत के पूर्व मुखिया विजय प्रसाद, चंद्रभूषण सिंह, बृजमोहन पासवान, समाजसेवी राजू प्रसाद गुप्ता, संतोष पाठक, अरुण पाठक, विशनपुर पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >