नावा बाजार. कुंभी कला पंचायत के बनखेता गांव में कल्याण विभाग से करीब 24 लाख 92 हजार रुपये की लागत से बन रहे धुमकुड़िया भवन के निर्माण को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि आमसभा में भवन निर्माण के लिए जिस स्थल का चयन किया गया था, वहां निर्माण नहीं कराकर दूसरे स्थान पर कराया जा रहा है.
ग्रामीणों ने चयनित स्थल पर ही निर्माण कराने की मांग की है और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है. ग्रामीणों के अनुसार, बाद में स्थल बदलकर गांव के ही अखलेश यादव के निजी आवास की बाउंड्री से सटाकर भवन बनाया जा रहा है. इसे आमसभा के निर्णय के विपरीत बताते हुए ग्रामीणों ने पलामू जिला कल्याण पदाधिकारी को आवेदन देकर निर्माण रोकने और जांच की मांग की.
जिला कल्याण पदाधिकारी ने बीडीओ रेणु बाला को जांच का निर्देश दिया. बीडीओ ने जेपीएस राधेश्याम राम को जिम्मेदारी दी. जेपीएस ने स्थल निरीक्षण किया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
मुखिया सब्या सिंह और आदिवासी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र उर्फ छोटू ने कहा कि धुमकुड़िया भवन आदिवासी समाज के उत्थान और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है. इसलिए निर्माण आमसभा में चयनित स्थल पर ही होना चाहिए. अनियमितता मिलने पर संबंधित अध्यक्ष-सचिव पर कानूनी कार्रवाई हो.
