विश्रामपुर(पलामू). मुख्यालय स्थित जनता प्लस टू हाई स्कूल में 10वीं कक्षा के एक छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है. आरोप है कि विद्यालय के क्लर्क अरुण कुमार ने छात्र प्रिंस कुमार की पिटाई कर दी. घटना में छात्र की आंख के पास गंभीर चोट लगी है. मामला अब थाना तक पहुंच गया है.
नाम दर्ज करने के एवज में क्लर्क ने लिए 200 रुपये
जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा से 10वीं में प्रमोट होने के बाद छात्र प्रिंस कुमार उपस्थिति पंजी में अपना नाम दर्ज कराने विद्यालय पहुंचा था. आरोप है कि नाम दर्ज करने के एवज में क्लर्क ने उससे 200 रुपये लिए. छात्र का आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद क्लर्क ने उपस्थिति पंजी में उसका नाम दर्ज नहीं किया.
परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश
बताया गया कि जब प्रिंस ने क्लर्क से नाम दर्ज नहीं करने का कारण पूछा, तो कथित तौर पर क्लर्क ने उसकी पिटाई कर दी. घटना के बाद छात्र डरा-सहमा हुआ है. छात्र के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है. उन्होंने आरोपी क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. प्राचार्य के आश्वासन के बाद भी असंतुष्ट अभिभावकों ने विश्रामपुर थाना में आरोपी क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखित आवेदन दिया है.
ये भी पढ़ें: रेल मंत्री से मिले सांसद बीडी राम, पलामू संसदीय क्षेत्र के लिए वर्कशॉप से नई ट्रेन तक उठाईं पांच बड़ी मांगें
विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा : प्राचार्य
जनता प्लस टू हाई स्कूल के प्राचार्य अरुण कुमार सिंह ने बताया कि क्लर्क अरुण कुमार पर पूर्व में भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं. इसके बाद उसका तबादला रेहला के एक विद्यालय में कर दिया गया था. प्राचार्य के अनुसार, संकुल से संबंधित कार्य के कारण वह विद्यालय में उपस्थिति पंजी जमा करने आया था. इसी दौरान यह घटना हुई. प्राचार्य ने कहा कि आरोपी क्लर्क के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को लिखा जाएगा. वहीं, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने भी आरोपी क्लर्क के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
