पांकी के तेतराई -मनातू के सीएसपी लूटकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

पांकी और मनातू में सीएसपी लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी राजा सिंह को गिरफ्तार किया है. लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है. पूछताछ में पुराने केस के राज भी खुले.

पांकी. पलामू पुलिस ने सीएसपी लूटकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई में कुछ माह पूर्व पंजाब नेशनल बैंक से जुड़े सीएसपी केंद्र में हुई लूट तथा मनातू थाना क्षेत्र के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी में पिस्टल का भय दिखाकर लूट की घटना में पुलिस को यह सफलता मिली है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के जोरकट गांव निवासी यशवंत सिंह के पुत्र राजा सिंह उर्फ राजन कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार राजा सिंह पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई स्थित सीएसपी और मनातू के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी में हुई लूट की घटना में संलिप्त है. आरोपी को जेल भेज दिया गया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गयी अपाची बाइक भी बरामद कर ली है. लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया.

एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की गहनता से पुलिस जांच कर रही है. घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है. मौके पर पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

गोपालगंज सीएसपी में लूट की कोशिश में दो गिरफ्तार

एसडीपीओ प्रशांत कुमार टू ने बताया कि सोमवार को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज स्थित एक सीएसपी केंद्र में पिस्टल दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की जा रही थी. हालांकि सीएसपी संचालक और उनकी मां की सूझबूझ तथा स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता के कारण संदिग्ध अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अपराधी पवन कुमार सिंह व रामबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया. दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिन्दा गोली, एक खोखा, सीएसपी से लूटे गए 7,100 रुपये, एक नोकिया की-पैड मोबाइल, एक काला रंग का बैग तथा सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल से लूटी गयी पल्सर बाइक संख्या जेएच 03 एक्यू 3836 बरामद किया गया.

पूछताछ में खुले पुराने सीएसपी लूट के राज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी पवन ने पांकी के तेतराई और मनातू क्षेत्र के सीएसपी केंद्रों में हुई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार पवन कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है.

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को इन घटनाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं. इसी स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया. जांच के क्रम में संबंधित आरोपी राजा सिंह को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका और घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >