नीलांबर -पीतांबरपुर . पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने मंगलवार को राजोगाड़ी गांव के दलित टोले का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान ग्रामीणों ने टोले की बदहाल सड़क को लेकर विधायक के समक्ष अपनी परेशानी रखी और सड़क निर्माण कराने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य सड़क से दलित टोले तक पहुंचने वाली सड़क अब भी कच्ची है.
सड़क का पक्कीकरण नहीं होने के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है. बरसात के दिनों में स्थिति और विकट हो जाती है. बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और जलजमाव हो जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में टोले तक टेंपो तक नहीं पहुंच पाता है. सबसे अधिक परेशानी आपात स्थिति में होती है. ग्रामीणों के अनुसार टोले में किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर वाहन नहीं पहुंचने के कारण मरीज को मुख्य सड़क तक पैदल या अन्य साधनों से ले जाना पड़ता है.
इससे समय पर इलाज मिलना भी मुश्किल हो जाता है. ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है. ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने सड़क निर्माण को लेकर आश्वस्त किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए जमीन को क्लियर कर इसकी सूचना दें. इसके बाद सड़क निर्माण का काम अविलंब कराया जायेगा.
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है.विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण हो जाता है, तो टोले के लोगों को आवागमन की समस्या से काफी राहत मिलेगी और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी आसान होगा.मौके पर सुधीर तिवारी, दिलीप मेहता, सोहराई भुईयां, गटेश्वर भुईयां, गंगा भुईयां, श्याम सुंदर भुईयां, पचु भुईयां सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे.
