मेदिनीनगर. पलामू जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. सृजन व निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा. गुरुवार को श्रद्धालुओं ने धार्मिक उल्लास के बीच श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की. वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान विश्वकर्मा के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया.
तकनीकी संस्थानों से लेकर गैरेज तक हुई पूजा
जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तकनीकी विभागों, आइटीआइ कॉलेजों, बिजली विभाग, बिजली ग्रिड, मोटर गैरेज, वाशिंग सेंटर, ऑटोमोबाइल सेंटर, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, प्रिंटिंग प्रेस, ऑटो मोटर वाहन पार्ट्स की दुकानों सहित अन्य जगहों पर पूजा महोत्सव का आयोजन हुआ. इसके अलावा लोगों ने अपने घरों में भी श्रद्धापूर्वक भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुखमय जीवन की कामना की.
विश्वकर्मा मंदिर में विधि-विधान से हुई पूजा
जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित तकनीकी शिक्षण संस्थानों, मोटर गैरेज, संध्या सर्विसिंग सेंटर, विद्युत विभाग कार्यालय, सुदना बिजली ग्रिड, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय, कांदु मोहल्ला टेंपो चालक संघ, पंपूकल, ऑटोमोबाइल सेंटर सहित कई जगहों पर श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया.
शहर के बेलवाटिका कोयल नदी तट स्थित भगवान विश्वकर्मा के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी. शंकर विश्वकर्मा, पंकज विश्वकर्मा सपत्नीक यजमान पूजा में शामिल थे. पंडित राहुल शास्त्री ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराया. भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया.
बाजे-गाजे के साथ निकली विसर्जन यात्रा
शुक्रवार को पूजा हवन के बाद प्रतिमा विसर्जित की गयी. कई जगहों पर बाजे-गाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गयी.
महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र विश्वकर्मा, संटू विश्वकर्मा, मंजीत, पंकज, जितेंद्र, मनोज, अंबिका, सिकंदर, संजय, प्यारी, प्रभु विश्वकर्मा, पिंकी विश्वकर्मा, चंदन, कुंदन, हर्ष, सूरज, गोपाल, अरविंद विश्वकर्मा सहित कई लोग सक्रिय रहे.
