पलामू से रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड में पलामू जिले के जिले के पाटन प्रखंड अंतर्गत नावाजयपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पदमा-मनातू मुख्य मार्ग पर नावाखास यज्ञ स्थल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है. यह घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.
तीनों युवक गंभीर रूप से हुए घायल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेजा. चिकित्सकों ने जांच के बाद नावाजयपुर निवासी सीताराम के 20 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार और पकरिया निवासी सुरेंद्र शर्मा के 21 वर्षीय पुत्र सचिन कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, नावाजयपुर के राजेश राम के 18 वर्षीय पुत्र आकाश कुमार का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
घोरीघाट बाजार जा रहे थे तीनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक बुधवार को घोरीघाट बाजार जाने के लिए बाइक से घर से निकले थे. जैसे ही वे नावाखास स्थित यज्ञ स्थल के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक स्प्लेंडर बाइक में आग लग गई, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
सड़क निर्माण कार्य पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पाटन से पदमा मार्ग पर मरम्मत और कालीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन सड़क के किनारे मिट्टी भरने का काम अधूरा है. सड़क के दोनों ओर मिट्टी डाले जाने से रास्ता संकरा हो गया है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय पर मिट्टी भराई का कार्य पूरा कर लिया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था.
हेलमेट की अनदेखी भी बनी वजह
कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि हादसों से बचने के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है. हालांकि इस घटना में हेलमेट का इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि सुरक्षा उपायों का पालन करने से कई गंभीर हादसों में जान बचाई जा सकती है.
इसे भी पढ़ें: इंतजार खत्म! टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की जल्द बढ़ेगी सैलरी, ग्रेड रिवीजन पर आज लग सकती है मुहर
पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई
नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया. उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर एमएमसीएच से फर्द बयान प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: बच्चा चोर के शक में ग्रामीणों की चंगुल में फंसे चार चिड़ीमार, पुलिस की मुस्तैदी से बची जान
