पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड पलामू जिले के बैरिया चौक स्थित अजय कुमार साव के घर में रखे गैस सिलेंडर में रविवार को अचानक आग लग गई थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में गैस एजेंसी से जुड़े चार लोग झुलस गए थे, जिनमें कंप्यूटर ऑपरेटर मुकेश कुमार, कुटुमू निवासी आलोक कुमार, लातेहार के विक्रम कुमार सिंह और धर्मेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं. सभी घायलों का इलाज कराया गया.
अवैध भंडारण का मामला आया सामने
घटना के बाद जांच में यह खुलासा हुआ कि गैस एजेंसी के मालिक द्वारा घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया जा रहा था. सदर बीडीओ सह सीओ जागो महतो ने इस मामले में शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. आरोप है कि अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में सिलेंडरों को नियमों के खिलाफ जमा किया गया था.
डिस्ट्रीब्यूटर अजय कुमार साह गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी के मालिक 47 वर्षीय अजय कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए एमएमसीएच भेजा गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है.
61 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद
गिरफ्तार अजय कुमार साह की निशानदेही पर पुलिस ने बाजार समिति स्थित एक शेड में छापेमारी की. इस दौरान 26 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए. इसके अलावा टाटा मैक्सी वाहन में रखे 36 इंडियन गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए. कुल मिलाकर 60 से अधिक सिलेंडरों की बरामदगी हुई, जिससे अवैध भंडारण की पुष्टि हुई है.
घटना के बाद सिलेंडर छुपाने का आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हादसे के बाद अजय कुमार साह ने घटनास्थल से सिलेंडरों को हटाकर छुपाने की कोशिश की थी. इससे साफ होता है कि वह अपने अवैध कारोबार को छुपाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.
पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज
इस मामले में लापरवाही बरतने को लेकर एसपी रीष्मा रमेशन ने कड़ा कदम उठाते हुए टीओपी-3 के प्रभारी अजय कुमार गुप्ता समेत नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई गैस सिलेंडरों के गायब होने के मामले में की गई.
छापेमारी टीम में शामिल रहे कई अधिकारी
छापेमारी अभियान में शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पुलिस अवर निरीक्षक बालकृष्ण, आरक्षी सुमित कुमार रवि और संजीव कुमार मल्लिक समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में सज गया ईद बाजार, खरीदारों की उमड़ने लगी भीड़
जांच जारी, और खुलासों की उम्मीद
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध भंडारण नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: चतरा में एसएसबी जवान ने की आत्महत्या, रायफल से खुद को मारी गोली
