पलामू से निखिल सिन्हा/ मुकेश सिंह/ कृष्णा गुप्ता की रिपोर्ट पलामू. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुरुवार को अचानक मौसम बदलने के बाद बारिश और तेज गर्जन के बीच वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गयी. जबकि एक नाबालिग बच्ची और एक बुजुर्ग घायल हो गये. वहीं, हरिहरगंज थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से दो भैंसों की भी मौत हो गयी. इससे पशुपालक को करीब 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
दो बहनों पर गिरी वज्रपात, एक की मौत
चैनपुर थाना क्षेत्र की ओड़नार पंचायत के प्रजापति टोला में वज्रपात से 12 वर्षीय संध्या कुमारी की मौत हो गयी, जबकि उसकी छोटी बहन 10 वर्षीय मंती कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी. संध्या विनोद चौधरी की पुत्री थी. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, विनोद चौधरी गुरुवार को परिवार के सदस्यों के साथ दोपहर करीब एक बजे खेत में घास काटने गये थे. करीब दो बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जन के साथ वज्रपात हुआ. इसकी चपेट में आने से संध्या की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि मंती गंभीर रूप से घायल हो गयी. परिजनों और आसपास के लोगों ने मंती को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी. परिजनों ने बताया कि संध्या के पिता विनोद चौधरी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पूरे प्रजापति टोला में शोक का माहौल है.
छतरपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत
छतरपुर थाना क्षेत्र में बारिश के बीच वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना दिनदाग गांव में हुई, जहां भैंस चराने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 65 वर्षीय बनारसी यादव की मौत हो गयी. वहीं दूसरी घटना बगैया गांव में हुई, जहां मैदान में बकरी खोलने के दौरान वज्रपात से 45 वर्षीय रामरूप भुइयां की मौत हो गयी.
दिनदाग गांव निवासी बनारसी यादव गुरुवार को भैंस चराने बत्तरे डैम की ओर गये थे. इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गयी. अचानक तेज वज्रपात होने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया.
वहीं, बगैया गांव में रामरूप भुइयां मैदान में बंधी बकरी खोलने के लिए गये थे. इसी दौरान बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गये और उनकी मौत हो गयी. परिजन उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया.
धान के खेत में खाद डालने गये किसान की मौत
पांडू थाना क्षेत्र के तिसीबार कला पंचायत के मसूरियाटिकर टोला निवासी नूर सम्मद अंसारी (55 वर्ष) की गुरुवार को वज्रपात से मौत हो गयी. घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बतायी जा रही है.
परिजनों के अनुसार, नूर सम्मद अंसारी धान के खेत में खाद डालने गये थे. इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिससे उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन खेत में पहुंचे और उन्हें उठाकर घर लाये. मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं. घटना के बाद पत्नी आबदा बीबी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना से गांव में शोक का माहौल है.
हरिहरगंज में दो भैंसों की मौत, 90 हजार का नुकसान
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव स्थित हड़ियाही मुख नहर के समीप गुरुवार की दोपहर बारिश के दौरान वज्रपात से दो भैंसों की मौत हो गयी. इस घटना में पशुपालक कृष्णा यादव भी बेहोश होकर जमीन पर गिर गये. स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल हरिहरगंज सीएचसी में भर्ती कराया. चिकित्सकों ने इलाज के बाद स्थिति सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी.
जानकारी के अनुसार, कृष्णा यादव दोनों भैंसों को लेकर जहाना गांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अपराह्न करीब तीन बजे जगदीशपुर स्थित हड़ियाही मुख नहर के कालीकरण रोड पर प्रसाद भुईयां के घर के सामने अचानक बारिश के बीच वज्रपात हुआ. दोनों भैंसों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इंजीनियर संजय यादव ने बताया कि दोनों भैंसों की मौत से करीब 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.
