पलामू: नावाबाजार थाना क्षेत्र के रजहारा के पास फोरलेन मुख्य सड़क पर रविवार सुबह दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में पीछे चल रहे ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया. सूचना मिलने पर नावाबाजार पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया.
घायल चालक को एंबुलेंस 1033 की मदद से बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेजा गया. बताया जाता है कि दोनों ट्रेलर एक ही कंपनी के हैं और आगे-पीछे चल रहे थे. रजहारा के समीप एनएच पर बने बड़े गड्ढे के कारण आगे चल रहे ट्रेलर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया. इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे वाले ट्रेलर से टकरा गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे चल रहे ट्रेलर का अगला केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया. वहीं, आगे चल रहा ट्रेलर भी क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं रहा.
नावाबाजार पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
