मेदिनीनगर. सृजन और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा गुरुवार को पलामू जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम से की गयी. तकनीकी विभागों, आइटीआइ कॉलेजों, बिजली विभाग, बिजली ग्रिड, मोटर गैरेज, वाशिंग सेंटर, ऑटोमोबाइल सेंटर, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड, प्रिंटिंग प्रेस और वाहन पार्ट्स दुकानों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा हुई. श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से सुखमय जीवन की कामना की.
पूजा के बाद प्रसाद बांटा गया. मेदिनीनगर के तकनीकी शिक्षण संस्थानों, मोटर गैरेज, संध्या सर्विसिंग सेंटर, विद्युत विभाग कार्यालय, सुदना बिजली ग्रिड, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग कार्यालय, कांदु मोहल्ला टेंपो चालक संघ, पंपूकल और ऑटोमोबाइल सेंटर समेत कई जगहों पर महोत्सव मनाया गया. लोग अपने घरों में भी पूजा-अर्चना की.
बेलवाटिका कोयल नदी तट स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में विधि-विधान से पूजा हुई. शंकर विश्वकर्मा और पंकज विश्वकर्मा सपत्नीक यजमान के रूप में शामिल हुए. पंडित राहुल शास्त्री ने पूजा संपन्न करायी. भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय रहा. शुक्रवार को हवन के बाद प्रतिमा विसर्जन किया गया.
कई जगह बाजे-गाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकली. महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र विश्वकर्मा, संटू विश्वकर्मा, मंजीत, पंकज, जितेंद्र, मनोज, अंबिका, सिंकदर, संजय, प्यारी, प्रभू विश्वकर्मा, पिंकी विश्वकर्मा, चंदन, कुंदन, हर्ष, सूरज, गोपाल, अरविंद विश्वकर्मा सहित कई लोग सक्रिय रहे.
