पलामू में बारिश से तबाही: दर्जनों गांवों का संपर्क कटा, वित्त मंत्री ने किया निरीक्षण; DMFT से बनेंगे छोटे पुल-पुलिया

पलामू में मूसलाधार बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल-पुलिया का वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने तकनीकी टीम के साथ निरीक्षण किया और जल्द बहाली के निर्देश दिए।

रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट

पलामू. जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने ग्रामीण इलाकों में काफी नुकसान पहुंचाया है. नदियों और नालों में पानी बढ़ने के कारण कई जगह पुल, पुलिया, कल्वर्ट और संपर्क सड़कें तेज बहाव में बह गयी हैं. कई स्थानों पर पहुंच पथ टूट जाने से दर्जनों गांवों का संपर्क मुख्य सड़क, बाजार और प्रखंड मुख्यालय से कट गया है.

इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. कई इलाकों में लोगों के सामने जरूरी सामान, दवा और अन्य सुविधाओं तक पहुंचने का संकट पैदा हो गया है.

पाटन में लिया नुकसान का जायजा

स्थिति को देखते हुए राज्य के वित्त मंत्री सह छतरपुर विधायक राधाकृष्ण किशोर बुधवार को तकनीकी टीम के साथ पाटन प्रखंड पहुंचे. उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र पासवान, कार्यपालक अभियंता रवि कुजूर और कनीय अभियंता विकास कुमार के साथ विभिन्न क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया और संपर्क पथों का निरीक्षण किया.

मंत्री ने होमिया, करमाही समेत कई इलाकों का दौरा कर बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को स्थिति से अवगत कराया.

तैयार होगी नुकसान की रिपोर्ट

मंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की जानकारी जुटाने का काम तेज कर दिया है. जिला योजना पदाधिकारी ने ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल और ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं को आपातकालीन पत्र जारी किया है. अधिकारियों को ब्लॉकवार, पंचायतवार और गांववार रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त पुल, पुलिया, कल्वर्ट, सड़क और संपर्क पथ की जानकारी के साथ उन स्थानों का भी ब्योरा मांगा गया है, जहां पूरी तरह से आवागमन बंद हो गया है.

तत्काल राहत और आवागमन बहाल

प्रशासन ऐसे संवेदनशील स्थानों को पहले चिन्हित करेगा, जहां तत्काल राहत और आवागमन बहाल करने की जरूरत है. रिपोर्ट मिलने के बाद नुकसान के हिसाब से मरम्मत, आपदा राहत और वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की जायेगी.

डीएमएफटी और अनाबद्ध निधि से बनेंगे पुलिया

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि यदि किसी क्षतिग्रस्त पुल या पुलिया का निर्माण संबंधित विभाग तकनीकी या बजट की वजह से तुरंत नहीं करा पाता है, तो जिला स्तर पर उपलब्ध जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट यानी डीएमएफटी या अनाबद्ध निधि से छोटे पुल-पुलिया का निर्माण कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित गांवों में जल्द से जल्द आवागमन बहाल करना है. ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिये गये हैं.

इन इलाकों में हुआ निरीक्षण

वित्त मंत्री ने अभियंताओं की टीम के साथ पाटन प्रखंड के पंचकेड़िया स्थित छोटकी नाला, बांदुखांड़ के घोरिघाट नाला और होमिया-करमाही में होमिया नाला पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को क्षति का तकनीकी आकलन कर जल्द रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया. प्रशासन प्रभावित गांवों तक राशन, दवा और अन्य जरूरी सामान पहुंचाने के लिए वैकल्पिक रास्तों की भी तलाश कर रहा है.

ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या के विरोध में सड़क जाम, बाजार बंद; कनपटी में मारी गई थी गोली

कई लोग रहे मौजूद

मौके पर राजकमल तिवारी, सीओ आशीष कुमार, भोला सिंह, नावाजयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता, अशोक सोनी, राजू पासवान, लव कुमार गुप्ता, मुखिया मनोज कुमार, भरत पासवान, राजेंद्र साव, रामबिहारी मेहता, हरेंद्र कुमार सिंह चेरो, राधेश्याम सिंह और अजीत वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra shekhar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >