मेदिनीनगर. चैनपुर थाना क्षेत्र के तलया बभंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में गुरुवार को दो नाबालिग जोड़े की शादी करायी जा रही थी. इस सूचना पर डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट ने तुरंत चैनपुर थाना और बीडीओ को जानकारी दी. बीडीओ प्रदीप दास और थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जैसे ही लड़के और लड़की का आधार कार्ड मांगा गया, दोनों पक्षों ने विरोध करना शुरू कर दिया. प्रशासन ने शादी रोकने का प्रयास किया, लेकिन विरोध के बीच दोनों पक्ष नाबालिग लड़का और लड़की को लेकर भाग निकले. एक गुमला व दूसरी चैनपुर की रहनेवाली है जानकारी के अनुसार, दो नाबालिग लड़कियों में एक गुमला जिले की और दूसरी चैनपुर की रहने वाली थी, जबकि दोनों लड़के चैनपुर के ही निवासी थे. चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने पर कार्रवाई की गयी थी. थाना प्रभारी ने कहा कि शादी रोकने के दौरान लोगों ने विरोध किया और बच्चों को लेकर भाग गये. प्राथमिकी दर्ज की जायेगी बीडीओ प्रदीप दास ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को रेस्क्यू कर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की जा रही थी, तभी दोनों पक्षों ने विरोध कर बच्चों को छुड़ाकर ले गये. इस घटना को लेकर लड़का-लड़की पक्ष के माता-पिता, पुरोहित और संबंधित लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है.
नाबालिक की शादी रुकवाने गये अधिकारियों का परिजनों ने किया विरोध
नाबालिक की शादी रुकवाने गये अधिकारियों का परिजनों ने किया विरोध
