ऑपरेशन सफाया: पलामू में 851 अपराधी चिन्हित, थानों में बुलाकर पूछताछ शुरू

पलामू पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए ऑपरेशन सफाया शुरू किया है. जिले के 851 अपराधियों को चिन्हित कर थानों में बुलाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है.

पलामू से शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट पलामू जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने ''ऑपरेशन सफाया'' शुरू किया गया है. इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों में कुल 851 अपराधियों को चिन्हित किया गया है. इन सभी को संबंधित थानों में बुलाकर कड़ी पूछताछ की जा रही है.

खंगाला जा रहा है जेल जा चुके अपराधियों का रिकॉर्ड

एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पिछले 10 साल के भीतर आर्म्स एक्ट, हत्या और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. इसके साथ ही चार्जशीटेड अपराधियों और जेल से जमानत पर बाहर आए लोगों की सूची भी तैयार की गई है. इन सभी अपराधियों को थाने बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली जा रही है.

अपराध रोकने के लिए एक अगस्त से अभियान

एसपी ने बताया कि शहर और ग्रामीण इलाकों में घट रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है. इसके लिए एक अगस्त को जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की गयी थी. बैठक में निर्देश दिया गया था कि पिछले 10 वर्षों में जेल जा चुके अपराधियों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की जाए. पुलिस यह पता लगा रही है कि वर्तमान में वे किसी आपराधिक गिरोह या घटना में शामिल तो नहीं हैं.

ये भी पढ़ें: जैक ने माना : उसके वित्त पदाधिकारी और शैक्षिक पदाधिकारी की योग्यता पद के अनुरूप नहीं

शहर थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा 121 अपराधी चिन्हित

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सबसे ज्यादा 121 अपराधी शहर थाना क्षेत्र में चिन्हित किये गये हैं. इसके बाद चैनपुर थाना क्षेत्र का नंबर है, जहां 106 अपराधियों की सूची तैयार की गई है. एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में किसी भी तरह की आपराधिक घटना को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.

आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील

एसपी कपिल चौधरी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें. सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी और अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी. पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का भरोसा दिलाया है.

ये भी पढ़ें: आदिवासी महोत्सव में शॉर्ट फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग, फिल्म निर्माण सीखने का मिलेगा मौका


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >