छह टीमों ने लिया हिस्सा, नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया उद्घाटन; खेल को बताया अनुशासन और टीम भावना का माध्यम
छतरपुर, पलामू : छतरपुर नगर पंचायत की बिजली कॉलोनी परिसर में मसीहानी वॉलीबॉल क्लब की ओर से एकदिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इसमें प्रखंड क्षेत्र की छह टीमों ने हिस्सा लिया. नगर अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया.
युवाओं को अवसर देने की जरूरत
मौके पर नगर अध्यक्ष ने कहा कि छतरपुर की मिट्टी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत है कि खिलाड़ियों को सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले. खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, संयम, संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है.
उन्होंने कहा कि मैदान में गिरकर दोबारा उठना ही जीवन का सबसे बड़ा सबक है.
मसीहानी क्लब ने जीता खिताब
टूर्नामेंट में हुए रोमांचक मुकाबले में मसीहानी वॉलीबॉल क्लब ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया. आयोजन के दौरान शिक्षक कृष्ण कुमार, गिरीश कुमार, अरविंद विश्वकर्मा, प्रियांशु, मुकेश विश्वकर्मा समेत कई लोग मौजूद थे.
