मेदिनीनगर. साेमवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन में जिला स्तरीय रोजगार सृजन मेला का आयाेजन हुआ. मुख्य अतिथि पलामू के डीसी शशि रंजन ने दीप प्रज्वलित कर मेला का उदघाटन किया. उन्होंने जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों से रोजगार मेला में शामिल प्रतिभागियों को हुनरमंद बनने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में सभी युवाओं को हुनरमंद होना आवश्यक है. जब नींव मजबूत रहेगा, तभी कार्य में दक्षता आयेगी. उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए इंफॉर्मेशन, एनालिसिस एवं एप्लीकेशन आवश्यक है. सफलता के लिए कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता होती है. वर्तमान दौर प्रतियोगिताओं का है और तकनीक का विस्तार हुआ है. ऐसे में पढ़ने, सीखने और माहौल से खुद को बेहतर बनाने की आवश्यकता है. किसी काम को करने के लिए नींव को मजबूत करना जरूरी है. नींव को मजबूत करने के लिए मेहनत अति आवश्यक है. मेला का आयोजन ग्रामीण विकास विभाग के झारखंड सरकार के स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के द्वारा किया गया था. डीसी श्री रंजन ने युवाओं को अनुशासन के साथ सोशल मीडिया का सदुपयोग करते हुए जीवन शैली को बेहतर बनाने की सीख दी. इसके अलावा ग्रुप बनाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि जिस तरीके से तकनीक का विस्तार हो रहा है, उसके अनुरूप हीं अपने आप को ढालने की जरूरत है. रोजगार मेला में विभिन्न कंपनियों के द्वारा स्टॉल लगाये गये थे. 363 युवाओं को रोजगार के लिए औफर लेटर दिया गया. रोजगार मेला में 1440 युवाओं ने पंजीकरण कराया था. मौके पर डीडीसी शब्बीर अहमद ने युवाओं को कई टिप्स दिये. श्रम अधीक्षक एतवारी महतो ने सरकार की योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए प्रशिक्षण केन्द्रों के बारे में बताया. मौके पर डीपीआरओ असीम कुमार, जेएसएलपीएस के प्रोग्राम एक्सक्यूटिव अमित चौधरी, डीपीएम अनीता केरकेट्टा, साईं दत्ता मुखर्जी, वित्त प्रबंधक इमरान अहमद, नवल किशोर राजू, अख्तर अंसारी, संदीप मिश्रा सहित बीपीएम, सीसी, जॉब रिसोर्स पर्सन आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
