मेदिनीनगर,पलामू: हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार मंगलवार को स्कॉर्पियो से हरिहरगंज से मेदिनीनगर आ रहे थे. इसी दौरान नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा स्थित टेडवा मोड़ के पास अचानक एक नीलगाय स्कॉर्पियो के ऊपर कूद गयी. हादसे में वाहन का अगला शीशा और दाहिनी ओर का बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, घटना में थाना प्रभारी समेत वाहन में सवार अन्य पुलिस अधिकारी बाल-बाल बच गये.
बताया जाता है कि थाना प्रभारी जिला स्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए हरिहरगंज से मेदिनीनगर आ रहे थे. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे टेडवा मोड़ के पास अचानक नीलगाय के सामने आ जाने से यह हादसा हुआ.
थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने कहा कि नीलगाय जिस तरह अचानक वाहन पर कूदी, उससे बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने कहा कि किसी तरह उनकी जान बच गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी नीलगाय के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. नीलगाय के सींग काफी खतरनाक होते हैं, ऐसे में सड़क पर अचानक इनके आ जाने से वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना रहता है.
यह भी पढ़ें : पलामू में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 96 वाहन जब्त; 45.03 लाख रुपये जुर्माना वसूला
