पाटन से राम नरेश तिवारी की रिपोर्ट
पाटन.पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के मनिका गांव के 50 वर्षीय विजय तिवारी का शव मंगलवार को बरडीहा गांव के तेतर स्थित बलराम दुबे के कुएं से बरामद किया गया. शनिवार की रात घर के समीप से अचानक लापता हुए विजय की तलाश में परिजन पिछले चार दिनों से परेशान थे. मंगलवार को कुएं में शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी हैं.
शनिवार की शाम से लापता थे विजय तिवारी
परिजनों ने बताया कि विजय तिवारी शनिवार की रात करीब 10:15 बजे से लापता थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो पाटन थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी विजय की तलाश में जुट गयी थी. मंगलवार की सुबह बरडीहा गांव की एक महिला तेतरतर की ओर गयी थी. इसी दौरान उसकी नजर बलराम दुबे के कुएं के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी. महिला ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी. इसके बाद ग्रामीणों ने पाटन पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पाटन थाना के पुअनि अनिल कुमार सिंह और सअनि प्रभात किरण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकला गया
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया. शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. परिजनों ने शव की पहचान विजय तिवारी के रूप में की. मृतक के बड़े भाई भरदुल तिवारी ने बताया कि उनके पिता का हाल ही में आकस्मिक निधन हुआ था. शुक्रवार को पिता की बरखी का कार्य संपन्न हुआ था. इसके अगले ही दिन शनिवार की रात विजय घर के बगल से अचानक लापता हो गये. इसके बाद से परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे.
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
विजय तिवारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस लापता होने से लेकर कुएं से शव बरामद होने तक की पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
